​20 साल का तस्कर और 3.5 लाख का असलाह: दतिया जा रहा था 8 देशी पिस्टल का जखीरा, नींद की एक झपकी ने पहुंचाया हवालात

शिवपुरी। खबर जिले की सिरसौद थाना और हिम्मतपुर चौकी से है जहां पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरप्रांतीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान 20 वर्षीय सिरफिरे तस्कर को गिरफ्तार कर उसके बैग से 8 नग 32 बोर की देशी पिस्टल और 10 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। जब्त हथियारों की कुल कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी सेंधवा से पिस्टल खरीदकर दतिया ले जा रहा था, लेकिन सफर के दौरान बस में आंख लग जाने के कारण वह दतिया उतरने के बजाय श्योपुर पहुंच गया और वहां से लौटते समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

​जानकारी के अनुसार सिरसौद थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियारों का जखीरा लेकर श्योपुर-शिवपुरी मार्ग से गुजरने वाला है। ​सूचना मिलते ही सिरसौद थाना प्रभारी धर्मेंद्र गुर्जर और हिम्मतपुर चौकी प्रभारी रामानंद पचौरी की टीमों ने श्योपुर-शिवपुरी रोड पर गश्त और सघन चेकिंग शुरू की। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को खोरघार की पुलिया पर एक युवक नीले रंग का बैग लेकर बैठा हुआ दिखाई दिया। वह संदिग्ध स्थिति में बार-बार अपने बैग पर हाथ रखकर आसपास देख रहा था। संदेह होने पर पुलिस बल ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। ​पुलिस ने जब आरोपी के बैग की तलाशी ली, तो उसमें से 8 देशी पिस्तौल (32 बोर) और 10 जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंशुल अहिरवार (20 वर्ष) पुत्र हरपाल सिंह अहिरवार निवासी ग्राम छता (थाना बड़ोनी, दतिया, हाल निवासी सिद्धार्थ कॉलोनी वार्ड-36, सिविल लाइन, दतिया) के रूप में हुई है। ​

कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह ये हथियार बड़वानी जिले के सेंधवा से खरीदकर लाया था और इन्हें बेचने/सप्लाई करने दतिया ले जा रहा था। लेकिन यात्रा के दौरान बस में उसकी नींद लग गई, जिससे दतिया का स्टॉप छूट गया और वह सीधे श्योपुर पहुंच गया। श्योपुर से दतिया लौटने के लिए जब वह शिवपुरी की ओर आ रहा था, तभी सिरसौद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिरसौद में धारा 25/27, 25(1क) आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध खेप दतिया में किसे सप्लाई की जानी थी। ​इस पूरी कार्रवाई में सिरसौद थाना प्रभारी उनि. धर्मेंद्र सिंह गुर्जर, हिम्मतपुर चौकी प्रभारी उनि. रामानंद पचौरी, उनि. जगदीश भिलाला, प्र.आर. सत्यवीर सिंह जादौन, बलवंत पाल, रविंद्र सिनोरिया, बृजेंद्र गुर्जर, अरविंद कुमार मांझी, आर. मुकेश परमार, रमेश सिंह, अंकित सिंह, रामअवतार सिंह, बलबीर सिंह और आर. चालक मनीष गोस्वामी की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments