शिवपुरी। खबर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से है जहां धोखाधड़ी कर शादी रचाने का एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। रन्नौद तहसील के सूखा राजापुर गांव में रहने वाले एक युवक को शादी के ढाई साल बाद और एक डेढ़ साल के बच्चे का पिता बनने के बाद पता चला कि उसकी पत्नी पहले से ही किसी और की विवाहिता है। पीड़ित पति ने अब पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सूखा राजापुर निवासी गोलू लोधी पुत्र लालाराम लोधी ने एसपी कार्यालय में आवेदन देते हुए बताया कि उसका विवाह करीब ढाई साल पहले पिछोर तहसील के टोड़ी गांव की निवासी सविता लोधी पुत्री जशरथ लोधी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। दोनों का डेढ़ साल का एक बेटा भी है।
गोलू के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को सोशल मीडिया के जरिए उसे अचानक पता चला कि सविता पहले से ही शादीशुदा है। जब उसने घर जाकर पत्नी से इस बारे में सीधे सवाल किया, तो उसने भी सच स्वीकार करते हुए माना कि उसका पूर्व में विवाह हो चुका है।
पीड़ित पति का आरोप है कि शादी के समय उसकी पत्नी के परिजनों ने यह बात पूरी तरह छिपाकर रखी थी। उसे, उसके परिवार और रिश्तेदारों को अंधेरे में रखकर यह झूठ बोला गया और शादी करवा दी गई। ढाई साल तक उसे इस बात की भनक तक नहीं लगने दी गई।
धोखाधड़ी का अहसास होने पर गोलू लोधी ने 29 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय शिवपुरी में लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। उसने आवेदन पत्र में पूरी आपबीती सुनाते हुए गुहार लगाई है कि धोखाधड़ी से कराए गए इस विवाह के मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाए और तलाक की प्रक्रिया कराई जाए।

0 Comments