खनियांधाना पंचायत उपचुनाव में सिनावलकलां में 81% तो रेबई में 63% वोटिंग, 3 अक्टूबर को खुलेगा जीत का पिटारा

शिवपुरी। जिले की जनपद पंचायत खनियांधाना के अंतर्गत आने वाली तीन ग्राम पंचायतों में त्रि-स्तरीय पंचायत उपचुनाव का मतदान मंगलवार को शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। ग्रामीण अंचल में सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। प्रशासनिक मुस्तैदी और तगड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच तीनों पंचायतों को मिलाकर औसत 72 प्रतिशत बंपर मतदान दर्ज किया गया है। अब सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद हो चुका है, जिसकी मतगणना 3 अक्टूबर 2026 को होगी। 

उपचुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो ग्राम पंचायत सिनावलकलां में मतदाताओं का उत्साह सबसे चरम पर रहा, जहां सर्वाधिक 81 प्रतिशत वोटिंग रिकॉर्ड की गई। वहीं ग्राम पंचायत नयागांव गजौरा में 71 प्रतिशत और ग्राम पंचायत रेबई में 63 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमला सड़कों पर मुस्तैद रहा। पिछोर एसडीएम ममता शाक्य और एसडीओपी प्रमोद शाक्य खुद तीनों मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण करते रहे। खनियांधाना थाना प्रभारी संजय सिंह किरार ने पुलिस बल के साथ सुरक्षा की कमान संभाली, जिससे पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही।

सेक्टर मजिस्ट्रेटों की निगरानी में निपटा चुनाव, 3 अक्टूबर को आएंगे नतीजे
तहसीलदार निशिकांत जैन के मार्गदर्शन में निष्पक्ष मतदान कराने के लिए विशेष सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। सिनावलकलां में नायब तहसीलदार प्रतिपाल तिवारी, नयागांव गजौरा में नायब तहसीलदार शुभम गर्ग और रेबई में सहायक यंत्री सुधीर शर्मा ने मोर्चा संभाला, जबकि नायब तहसीलदार प्रतिभा पांडेय रिजर्व में रहीं। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीलबंद मतपेटियों को सुरक्षा घेरे में रखवा दिया गया है। 3 अक्टूबर को होने वाली मतगणना के साथ ही साफ हो जाएगा कि तीनों ग्राम पंचायतों में जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा।

Post a Comment

0 Comments