पोहरी। नगर परिषद पोहरी के वार्ड क्रमांक 01 जाखनोद में मूलभूत सुविधाओं की बदहाली का मामला सामने आया है। गांव के निवासी स्वर्गीय गोविंदी कुशवाह का आज अंतिम संस्कार शमशान घाट नहीं होने के कारण तिरपाल तानकर करना पड़ा। बारिश के बीच परिजनों और ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि नगर परिषद बनने के बावजूद जाखनोद में अब तक व्यवस्थित शमशान घाट का निर्माण नहीं कराया गया है। अंतिम संस्कार जैसी आवश्यक व्यवस्था के लिए भी ग्रामीणों को परेशान होना पड़ रहा है। तिरपाल के नीचे अंतिम संस्कार की तस्वीरें व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।
ग्रामीणों ने नगर परिषद और जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि जाखनोद में जल्द से जल्द शमशान घाट का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को अपने परिजन का अंतिम संस्कार इस तरह मजबूरी में न करना पड़े।

0 Comments