SHIVPURI में बेजुबान की खामोश मौत: गणेश विसर्जन के दौरान तालाब के पानी में समाया हरगोविंद, सुबह बेलों में उलझा मिला

शिवपुरी। खबर जिले के पोहरी नगर परिषद से है जहां नानोरा गांव में बुधवार रात गणेश विसर्जन के दौरान एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। शौच के लिए तालाब किनारे गए 25 वर्षीय मूकबधिर युवक का पैर फिसलने से वह गहरे पानी में समा गया। रात में अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा नहीं हो सका था, जिसके बाद गुरुवार सुबह पुलिस सर्चिंग के दौरान युवक का शव तालाब में बेलों के बीच फंसा हुआ मिला।

​जानकारी के अनुसार, नानोरा निवासी हरगोविंद जाटव (25) पुत्र अंतु जाटव जन्म से ही मूकबधिर था। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात जब गांव के लोग तालाब के एक किनारे पर गणेश प्रतिमा का विसर्जन कर रहे थे, उसी समय हरगोविंद तालाब के दूसरे हिस्से की तरफ शौच के लिए गया था। वहां अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन बिगड़ने के कारण सीधे गहरे पानी में जा गिरा।

​तालाब के दूसरे छोर पर गणेश विसर्जन कर रहे ग्रामीणों ने युवक को पानी में गिरते और छटपटाते हुए देख लिया था। लोगों ने तुरंत पोहरी थाना पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रात में ही सर्चिंग शुरू कराई। हालांकि, घुप्प अंधेरा होने के कारण काफी मशक्कत के बाद भी हरगोविंद का कोई सुराग नहीं लग सका।

​गुरुवार सुबह पोहरी पुलिस ने एक बार फिर से तालाब में सर्च ऑपरेशन चलाया। कुछ ही देर की तलाशी के बाद दुर्घटनास्थल से कुछ दूरी पर पानी में फैली झाड़ियों और बेलों के बीच हरगोविंद का शव अचेत अवस्था में फंसा हुआ मिल गया। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर पोहरी अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम के बाद देह परिजनों को सौंप दी गई। युवक की मौत के बाद गांव और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। पोहरी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments