शिवपुरी में क्षत्रिय समाज का दशहरा मिलन 20 अक्टूबर को, वाहन रैली के साथ होगा सम्मान समारोह

शिवपुरी। समस्त क्षत्रिय समाज, जिला शिवपुरी के तत्वावधान में आगामी 20 अक्टूबर को दशहरा मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम हाथीखाना स्थित ठाकुर बाबा मंदिर परिसर में आयोजित होगा। इस दौरान विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी और समाज के वरिष्ठजनों, समाजसेवियों तथा मेधावी विद्यार्थी को सम्मानित किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, यह आयोजन वरिष्ठ समाजसेवी एवं क्षत्रिय समाज संगठन के संस्थापक स्वर्गीय रामनारायण सिंह सिकरवार ‘लहरी साहब’ की स्मृति में किया जा रहा है। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे विशाल वाहन रैली से होगी। रैली के माध्यम से समाज की एकता और गौरव का संदेश दिया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

समारोह में समाज के वरिष्ठजनों को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को ‘क्षत्रिय शिरोमणि सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रो. चंद्रपाल सिंह सिकरवार की स्मृति में दिया जाने वाला ‘शिक्षा रत्न पुरस्कार’ रहेगा। इसके तहत एक मेधावी छात्र या छात्रा को 11 हजार रुपये नकद राशि एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना है।

आयोजकों ने क्षत्रिय समाज के सभी सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर दशहरा मिलन एवं सम्मान समारोह को सफल बनाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments