SHIVPURI में गुड़ से भरा मिनी ट्रक पलटा, केबिन में फंसे हेल्पर की मौत, ड्राइवर फरार

शिवपुरी। राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुभाषपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कलोथरा गांव के पास गुड़ से भरा एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर पलट गया। हादसे में ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंसे 35 वर्षीय हेल्पर की मौत हो गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मिनी ट्रक (MP 33 G 7642) मुरैना से गुड़ लादकर शिवपुरी की ओर आ रहा था। कलोथरा गांव के पास अचानक वाहन से चालक का नियंत्रण छूट गया और तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण चालक को नींद का झोंका आना बताया जा रहा है। वाहन इंद्रजीत चावला का बताया गया है।

हादसा इतना भीषण था कि वाहन का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें सवार हेल्पर अंदर ही फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही सुभाषपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद फंसे युवक को बाहर निकाला और तत्काल एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज शिवपुरी भिजवाया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान 35 वर्षीय पूरन जाटव पिता निवासी करमाज कला (थाना सिरसौद) के रूप में हुई है, जो वाहन पर बतौर हेल्पर काम करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। दुर्घटना के बाद से फरार चालक की तलाश की जा रही है और पुलिस हादसे के सही कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments