शिवपुरी। जिले के पोहरी कस्बे में साइबर ठगों ने पीडब्ल्यूडी के पूर्व एसडीओ हरिवल्लभ वर्मा के व्हाट्सएप अकाउंट का दुरुपयोग कर एक ठेकेदार से 1 लाख 30 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। आरोपियों ने यूपीआई बंद होने का झांसा देकर पहले क्यूआर कोड और बाद में एक मोबाइल नंबर के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, अंसारी कॉलोनी निवासी ठेकेदार उदय सिंह धाकड़ को 28 जुलाई की दोपहर हरिवल्लभ वर्मा के नाम से व्हाट्सएप संदेश मिला। संदेश में नेटवर्क समस्या का हवाला देते हुए बताया गया कि उनका यूपीआई काम नहीं कर रहा है और तत्काल आर्थिक मदद की जरूरत है। इसके साथ एक क्यूआर कोड भी भेजा गया।
परिचित अधिकारी का संदेश समझकर उदय सिंह ने अपने फोनपे खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 40 हजार, 30 हजार और 30 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके कुछ देर बाद फिर 30 हजार रुपए भेजने के लिए कहा गया। इस बार क्यूआर कोड की लिमिट समाप्त होने की बात कहकर 7633065461 नंबर पर भुगतान करने को कहा गया, जिस पर ‘गोलू कुमार’ नाम दिखाई दे रहा था। पीड़ित ने दूसरे खाते से भी 30 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।
बाद में परिचितों से जानकारी मिली कि हरिवल्लभ वर्मा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया है और उनके नाम से लोगों को ठगी के संदेश भेजे जा रहे हैं। तब तक ठेकेदार कुल 1.30 लाख रुपए गंवा चुका था।
ठगी का पता चलते ही पीड़ित ने साइबर सेल शिवपुरी को सूचना दी और पोहरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि हरिवल्लभ वर्मा करीब एक माह पहले सेवानिवृत्त हो चुके हैं। विभागीय सूत्रों के अनुसार, उनके व्हाट्सएप अकाउंट के हैक होने की सूचना भी सामने आई है।

0 Comments