शिवपुरी में बिना नंबर की कार से बाइक को टक्कर, शराब की बोतल मिलने पर हंगामा

शिवपुरी। शहर के देहात थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे के बाद विवाद की स्थिति बन गई। रेड लाइट एरिया की संकरी गली में एक बिना नंबर की कार ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद कार में शराब की खुली बोतल मिलने और उसमें सवार युवकों के नशे में होने की आशंका पर स्थानीय लोगों ने हंगामा कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार गली से गुजर रही थी तभी उसने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक और कार सवारों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान कार के अंदर शराब की खुली बोतल दिखाई देने पर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए और विवाद बढ़ गया।

सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि भीड़ बढ़ने के दौरान कार में सवार एक युवक मौके से भाग निकला, जबकि दूसरा युवक कार के अंदर ही मिला। पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची। कुछ समय बाद दूसरा युवक भी थाने पहुंच गया।

थाने में युवक ने अपना नाम लव राजपूत बताया और दावा किया कि कार उसकी है तथा घटना के समय वही वाहन चला रहा था। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसके साथ मौजूद युवक ने शराब का सेवन किया हुआ था।

पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि वाहन पर नंबर प्लेट नहीं होने और काली फिल्म लगी होने के कारण मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है।

फिलहाल कार को थाने में खड़ा कराया गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments