सर्पदंश से नवविवाहिता की मौत, बारिश में खुले आसमान के नीचे हुआ अंतिम संस्कार; मुक्तिधाम की बदहाली पर उठे सवाल


पोहरी। शिवपुरी जिले की पोहरी तहसील के ग्राम कुड़ी में एक नवविवाहिता की सर्पदंश से मौत हो गई। दुखद घटना के बाद अंतिम संस्कार के दौरान गांव के मुक्तिधाम की बदहाल व्यवस्था भी सामने आ गई। बारिश के बीच परिजनों को खुले आसमान के नीचे अंतिम संस्कार करना पड़ा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, कुड़ी गांव की नवविवाहिता सावन पर्व के चलते अपने मायके विजयपुर अनुविभाग के ढोढरी गांव गई हुई थी। इसी दौरान उसे जहरीले सर्प ने डस लिया। परिजन उसे तत्काल विजयपुर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया। लेकिन उपचार के लिए ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ससुराल कुड़ी गांव लाया गया। यहां मुक्तिधाम पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों को अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के मुताबिक मुक्तिधाम में शव रखने के लिए पक्का चबूतरा नहीं है और न ही बारिश से बचाव के लिए टीन शेड की व्यवस्था है। ऐसे में बारिश के दौरान खुले में अंतिम संस्कार करना पड़ा।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मुक्तिधाम परिसर में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। परिसर में मृत पशुओं की हड्डियां और अन्य अवशेष पड़े हुए हैं। उनका कहना है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद मुक्तिधाम में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

इसके अलावा ग्रामीणों ने गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली पुलिया की समस्या भी उठाई। उनका कहना है कि पुलिया कई वर्षों से क्षतिग्रस्त पड़ी है, जिससे बरसात के मौसम में आवागमन प्रभावित होता है। अंतिम यात्रा के दौरान भी लोगों और वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मुक्तिधाम में टीन शेड, पक्का चबूतरा और नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था कराने के साथ-साथ क्षतिग्रस्त पुलिया का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की है।

इस मामले में जनपद पंचायत पोहरी के सीईओ ऑफिसर सिंह गुर्जर ने कहा कि यदि कुड़ी गांव के मुक्तिधाम में इस प्रकार की अव्यवस्थाएं हैं तो उनकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद क्षेत्र के करीब 45 मुक्तिधामों में सुधार कार्य कराए जा चुके हैं। जांच में कमियां मिलने पर उन्हें दूर कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments