बारिश के बाद शिवपुरी में बढ़ी वन्यजीवों की हलचल, सड़क पर दिखा मगरमच्छ और बाउंड्री पर बैठा नजर आया तेंदुआ

शिवपुरी। जिले में शुक्रवार देर शाम हुई बारिश के बाद वन्यजीवों की गतिविधियां शहर और जंगल से सटे इलाकों में बढ़ गईं। शहर के स्टेडियम रोड पर देर रात एक विशाल मगरमच्छ सड़क पर घूमता दिखाई दिया, जबकि शनिवार सुबह माधव टाइगर रिजर्व के नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर एक तेंदुआ सड़क किनारे बनी बाउंड्री पर बैठा नजर आया। दोनों घटनाओं के वीडियो राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, जाधव सागर तालाब में बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं। बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण मगरमच्छ अक्सर तालाब से निकलकर रिहायशी इलाकों और सड़कों तक पहुंच जाते हैं। शुक्रवार रात भी एक बड़ा मगरमच्छ स्टेडियम रोड पर घूमता दिखाई दिया। वहां से गुजर रहे कार सवारों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। आबादी वाले क्षेत्र के पास मगरमच्छ के पहुंचने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जाधव सागर तालाब से निकलने वाले मगरमच्छों का खतरा लंबे समय से बना हुआ है। पिछले वर्ष भी तालाब से निकले एक मगरमच्छ द्वारा एक युवक पर हमला किए जाने की घटना सामने आई थी।

वहीं शनिवार सुबह नरवर-सतनवाड़ा मार्ग पर भी वन्यजीव की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। माधव टाइगर रिजर्व के जंगल क्षेत्र से होकर गुजरने वाले इस मार्ग पर एक तेंदुआ सड़क किनारे बनी बाउंड्री पर बैठा दिखाई दिया। अंडरपास से गुजर रहे वाहन चालकों ने तेंदुए को देखकर अपने वाहन रोक लिए और उसका वीडियो बनाया। तेंदुआ कुछ देर तक वहीं बैठा रहा, जिससे लोगों को उसका नजदीक से दीदार करने का मौका मिला। बाद में यह वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

वन विभाग के जानकारों के अनुसार, बारिश के मौसम में वन्यजीव अक्सर अपने प्राकृतिक आवास से बाहर निकल आते हैं। ऐसे समय लोगों को सतर्क रहने, वन्यजीवों के करीब न जाने और किसी भी असामान्य गतिविधि की सूचना संबंधित विभाग को देने की सलाह दी जाती है।

 

Post a Comment

0 Comments