शिवपुरी। जिले की कोलारस तहसील के ग्राम दीघोद स्थित शासकीय उचित मूल्य की दुकान पर राशन वितरण में बड़ी अनियमितता सामने आई है। प्रशासनिक जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक मशीन में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध अनाज में भारी अंतर पाया गया। जांच में करीब 53.5 क्विंटल अनाज कम मिलने पर प्रशासन ने पंचनामा बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार उन्हें पिछले तीन से चार महीनों से नियमित रूप से राशन नहीं मिल रहा था। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। इससे नाराज ग्रामीणों ने कोलारस एसडीएम से शिकायत कर राशन वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी थी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे चक्काजाम करेंगे।
शिकायत के बाद नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारियों की टीम राशन दुकान पर जांच के लिए पहुंची। निरीक्षण के दौरान इलेक्ट्रॉनिक मशीन में करीब 70 क्विंटल अनाज स्टॉक में दर्ज मिला, जबकि मौके पर केवल 8.5 क्विंटल गेहूं और 8 क्विंटल चावल, कुल 16.5 क्विंटल अनाज ही मौजूद पाया गया। इस तरह रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में लगभग 53.5 क्विंटल अनाज का अंतर सामने आया।
जांच के दौरान ग्रामीणों ने राशन दुकान के सेल्समैन दिलीप जाटव पर हितग्राहियों का राशन हड़पने और लंबे समय से अनियमित वितरण करने के आरोप लगाए। अधिकारियों ने मौके पर पंचनामा तैयार कर रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी है।
कोलारस एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि जांच में मशीन में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध अनाज में बड़ा अंतर पाया गया है। मामले में संबंधित प्रबंधन और सेल्समैन से जवाब मांगा जाएगा। जवाब प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments