पिछोर में तेज बारिश से उफान पर आई महुअर नदी, गांवों में घुसा पानी; फसलों को नुकसान की आशंका

 

शिवपुरी। जिले में शुक्रवार शाम से रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार रात पिछोर क्षेत्र में हुई तेज बारिश के बाद महुअर नदी उफान पर आ गई, जिससे कई गांवों में पानी भर गया और खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गईं। ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।

महुअर नदी के तेज बहाव के चलते गुरुकुदवाया गांव में नदी का पानी स्कूल परिसर और कुछ घरों तक पहुंच गया। वहीं बूढ़ोन शाजापुर, उमरीकला, पायगा सहित आसपास के कई गांवों के खेत पानी से भर गए हैं। खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूबने से किसानों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

नदी का बढ़ा हुआ जलस्तर पिछोर क्षेत्र से आगे बढ़ते हुए करैरा तक पहुंच गया। इस मानसून सीजन में पहली बार करैरा पुल से महुअर नदी को इतने तेज बहाव के साथ बहते देखा गया। लगातार बारिश के कारण जिले की अन्य नदियों और नालों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

हालांकि हालिया बारिश से नदी-नालों में पानी बढ़ा है, लेकिन पूरे मानसून सीजन के आंकड़े बताते हैं कि इस वर्ष जिले में वर्षा सामान्य से काफी कम हुई है। भू-अभिलेख शाखा के अनुसार 1 जून 2026 से अब तक जिले में औसतन 313.82 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि तक 1043.54 मिमी वर्षा हो चुकी थी। इस प्रकार इस साल अब तक 729.72 मिमी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 70 प्रतिशत कम है।

भू-अभिलेख विभाग के अनुसार शिवपुरी जिले की सामान्य औसत वर्षा 816.3 मिमी है। वहीं वर्ष 2025 के पूरे मानसून सीजन में जिले में कुल 1585.86 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी। इसके मुकाबले इस बार अब तक की बारिश सामान्य औसत से भी काफी कम बनी हुई है।

तहसीलवार वर्षा आंकड़ों पर नजर डालें तो 1 जून से अब तक शिवपुरी तहसील में सबसे अधिक 401.80 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा पोहरी में 392 मिमी, करैरा में 357.60 मिमी, नरवर में 353 मिमी, कोलारस में 331 मिमी, बदरवास में 286.50 मिमी, पिछोर में 262 मिमी, बैराड़ में 232 मिमी तथा खनियाधाना में सबसे कम 208.50 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। वहीं किसान फसलों में हुए संभावित नुकसान का आकलन कर रहे हैं और मौसम की आगे की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।


Post a Comment

0 Comments