सिविल न्यायालय खनियाधाना में भव्य रक्तदान शिविर आयोजित, 33 यूनिट रक्त संग्रहित और 68 लोगों की हुई स्वास्थ्य जाँच

शिवपुरी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष (जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी) श्री राजेंद्र प्रसाद सोनी के प्रेरणादायी नेतृत्व में तहसील न्यायालय खनियाधाना परिसर में एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन सम्पन्न हुआ। सचिव श्रीमती रंजना चतुर्वेदी के मार्गदर्शन और पीठासीन अधिकारी श्रीमती अंजना यादव के कुशल निर्देशन में आयोजित यह शिविर मानवता, सेवा और परोपकार की एक मिसाल बनकर उभरा।

​इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रक्तदान करने वालों में डॉ. मनोज यादव, विनीत शर्मा, राहुल राय, कृष्णा कुशवाहा, विमल साहू, भगवती प्रसाद, सुनील अहिरवार सहित अधिवक्ता राजाजी बुंदेला, विमल ओझा, सुरेंद्र लोधी और कई स्थानीय नागरिक शामिल रहे। इस पुनीत कार्य के माध्यम से शिविर में कुल 33 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।

​रक्तदान के साथ-साथ इस अवसर पर स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु एक विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। सिविल अस्पताल खनियाधाना की समर्पित मेडिकल टीम ने परिसर में उपस्थित न्यायिक कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और पक्षकारों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस जाँच शिविर का कुल 68 लोगों ने लाभ उठाया।

Post a Comment

0 Comments