शादी के एक माह बाद युवक ने लगाई फांसी, करेरा में आत्महत्या से सनसनी

शिवपुरी। जिले के करेरा कस्बे की महुअर कॉलोनी में 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की शादी जुलाई माह में हुई थी और अभी उसे विवाह हुए महज एक माह ही हुआ था। घटना के समय उसकी पत्नी पिछले पांच दिनों से अपने मायके में रह रही थी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, महुअर कॉलोनी निवासी विवेक झा (25) ने गुरुवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर करेरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है, जिससे घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

करेरा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments