शिवपुरी। जिले के पोहरी अनुविभाग के ग्राम अनभौरा में आदिवासियों को आवंटित पट्टाशुदा भूमि पर दोबारा अतिक्रमण का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पोहरी एसडीएम जेपी गुप्ता ने तीन लोगों के खिलाफ जेल वारंट जारी करने के आदेश दिए हैं। यह वही भूमि है जिसे कुछ समय पहले प्रशासन ने दबंगों के कब्जे से मुक्त कराकर आदिवासी पट्टाधारियों को सौंपा था।
जानकारी के अनुसार, जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम अनभौरा में कार्रवाई कर करीब 150 बीघा शासकीय एवं पट्टे की भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया था। प्रशासन के मुताबिक इस भूमि की अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ रुपए आंकी गई थी। मुक्त कराई गई जमीन 64 आदिवासी पट्टाधारियों को सौंपी गई थी।
कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने संबंधित व्यक्तियों से बाउंड ओवर भी भरवाए थे और भविष्य में भूमि पर दोबारा कब्जा नहीं करने की सख्त चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा फिर से जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत सामने आई। पीड़ित पट्टाधारियों ने मामले की शिकायत पोहरी एसडीएम कार्यालय में दर्ज कराई थी।
शिकायत की जांच के बाद एसडीएम जेपी गुप्ता ने ग्राम अनभौरा निवासी अशोक कुमार पिता इंदर सिंह जाट, विनीत कुमार पिता जय सिंह जाट और जुगवीर पिता गजेसिंह जाट के खिलाफ जेल वारंट जारी करने के आदेश दिए हैं।
एसडीएम जेपी गुप्ता ने कहा कि प्रशासन गरीब, दलित और आदिवासी परिवारों की जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने बताया कि मुक्त कराई गई भूमि पर दोबारा कब्जे की शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे ताकि पात्र हितग्राहियों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
0 Comments