100 करोड़ की जमीन पर अवैध साम्राज्य: दिन में 2 लाख किराया, रात में अय्याशी का अड्डा, 34 दुकानें जमींदोज, महिलाओं 6 गिरफ्तार

शिवपुरी। खबर शहर के मेडीकल कॉलेज क्षेत्र से है जहां  मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मेडिकल कॉलेज के ठीक सामने स्थित करीब 100 करोड़ रुपए मूल्य की 12 बीघा शासकीय भूमि को अवैध कब्जे से पूरी तरह मुक्त करा लिया गया है। कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने जेसीबी की मदद से टीन शेड से बनाई गई 34 अवैध दुकानों को ढहा दिया। इसके अलावा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बाहरी हिस्से में दुकानों के आगे बनाए गए पक्के अवैध चबूतरों और थड़ों को भी बुलडोजर चलाकर जमींदोज कर दिया गया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित इस बेशकीमती शासकीय जमीन पर पाल समाज के कुछ लोगों द्वारा पिछले कई सालों से अवैध कब्जा जमाया गया था। कब्जाधारियों ने न सिर्फ खुद दुकानें संचालित कीं, बल्कि टीन शेड खड़े करके अन्य लोगों को किराए पर भी दे रखी थीं। इस अवैध कब्जे से हर महीने लगभग 2 लाख रुपए किराए की काली कमाई वसूली जा रही थी।

इतना ही नहीं, प्रशासन को यह भी गुप्त शिकायतें मिली थीं कि इस क्षेत्र में रात के समय कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।

1 साल से दिए जा रहे थे नोटिस, बेदखली के बाद चला बुलडोजर
मामले में जानकारी देते हुए तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि इस शासकीय भूमि को खाली कराने के लिए कब्जाधारियों को पिछले एक साल की अवधि में कई बार कानूनी नोटिस जारी किए गए थे। बार-बार चेतावनी और नोटिस दिए जाने के बावजूद जब अतिक्रमणकारियों ने जमीन खाली नहीं की, तो अंततः कोर्ट द्वारा बेदखली का औपचारिक आदेश जारी किया गया। मंगलवार को भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर बेदखली की कार्रवाई पूरी की गई।

विरोध करने वाले 2 महिलाओं समेत 6 लोग हिरासत में
कार्रवाई के दौरान कुछ कब्जाधारियों और स्थानीय लोगों ने हंगामा खड़ा करने तथा बुलडोजर रोकने का प्रयास किया। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया और मौके पर शासकीय कार्य में बाधा डालने व विरोध करने वाले 2 महिलाओं सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा।

Post a Comment

0 Comments