शिवपुरी। जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में एनएच-46 हाईवे किनारे बेखौफ चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। व्यापारी दुर्गेश ओझा की तीन कृषि दुकानों को निशाना बनाते हुए शातिर चोर करीब 2 लाख 88 हजार रुपये मूल्य की कृषि उपज समेटकर रफूचक्कर हो गए। वारदात की भनक सुबह तब लगी जब व्यापारी दुकान खोलने पहुंचा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वारदात रात करीब 1 बजे की है। शुरुआती सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर मुंह पर कपड़ा बांधे 3 संदिग्ध दिखाई दिए हैं। शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और कुछ कैमरों का रुख दूसरी तरफ घुमा दिया, ताकि उनकी पहचान और पूरी करतूत रिकॉर्ड न हो सके।

14 क्विंटल धनिया, उड़द और सरसों समेटा
चोर दुकानों के ताले तोड़कर 14 क्विंटल धनिया, 11 क्विंटल उड़द, 4 क्विंटल मसूर, 2 क्विंटल सोयाबीन और 3 क्विंटल सरसों चुरा ले गए। सुबह जब दुर्गेश ओझा दुकानों पर पहुंचे तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना लुकवासा चौकी पुलिस को दी।

पुलिस खंगाल रही आसपास के CCTV फुटेज
सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी प्रभारी बैजनाथ मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। कोलारस थाना प्रभारी पुनीत बाजपेई के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस अब हाईवे और आसपास के प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों के भागने के रूट और वाहन का सुराग लगाया जा सके।