SHIVPURI में पितृपक्ष के पहले ही दिन बाणगंगा और भदैयाकुंड पर उमड़ी भीड़: तर्पण और पिंडदान शुरू


शिवपुरी। शहर में पितृपक्ष की शुरुआत के साथ ही शनिवार को आस्था और श्रद्धा का अनूठा दृश्य देखने को मिला। पूर्वजों के स्मरण और उनकी आत्मा की शांति के लिए शहर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाणगंगा और भदैयाकुंड पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। सुबह करीब 7 बजे से ही दोनों घाटों पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था, जो दिन बढ़ने के साथ लगातार जारी रहा।

​शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे परिवारों ने पंडितों के सान्निध्य में अपने पितरों की तृप्ति के लिए जल, तिल और कुशा से तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध कर्म किया। पंडित शिव नारायण शर्मा के अनुसार, पितृपक्ष के दौरान पूर्वजों के निमित्त किया जाने वाला तर्पण और कर्मकांड विशेष पुण्यदायी होता है। श्रद्धालु अपनी-अपनी तिथियों और पारिवारिक परंपराओं के अनुसार अनुष्ठान संपन्न कर रहे हैं।

​इस वर्ष पितृपक्ष की अवधि 26 सितंबर से शुरू होकर 10 अक्टूबर तक चलेगी। इन दिनों में श्रद्धालु तिथियों के अनुसार अपने-अपने पितरों के लिए विशेष पूजन-अर्चन करेंगे। बाणगंगा और भदैयाकुंड के घाटों पर श्रद्धालुओं की सहूलियत और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन भी अलर्ट मोड़ पर है।

Post a Comment

0 Comments