कश्मीर में भी दी सेवा, बेंगलुरु में मिला काल: शिवपुरी के 33 वर्षीय हवलदार राजेश यादव का निधन, पीछे छूटे दो मासूम बच्चे

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। सड़खड़पुर गांव निवासी 33 वर्षीय आर्मी हवलदार राजेश यादव का शनिवार सुबह बेंगलुरु आर्मी बेस में करंट लगने से असमय निधन हो गया। देश सेवा में तैनात भारत माता के इस वीर सपूत की शहादत की खबर मिलते ही गांव और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात आई तेज आंधी-तूफान के कारण आर्मी एरिया में बिजली का हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया था। शनिवार सुबह करीब 4 बजे हवलदार राजेश यादव जब अपनी ड्यूटी के लिए निकले, तो अंधेरे में टूटे हुए लाइव वायर की चपेट में आ गए। हादसे के तुरंत बाद साथी जवान उन्हें नजदीकी सैन्य अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राजेश यादव वर्ष 2008 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और पिछले 18 वर्षों से निष्ठापूर्वक देश की सेवा कर रहे थे। पूर्व में कश्मीर जैसे संवेदनशील इलाके में सेवाएं देने के बाद बीते एक साल से उनकी पोस्टिंग बेंगलुरु आर्मी बेस में थी। 33 वर्षीय राजेश अपने पीछे पत्नी, 12 साल की बेटी, 7 साल के बेटे और बुजुर्ग माता-पिता का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं।

मंगलवार को सड़खड़पुर में होगा अंतिम संस्कार
शहीद जवान का पोस्टमार्टम रविवार को बेंगलुरु में संपन्न होगा। इसके बाद पार्थिव देह को बेंगलुरु से विमान द्वारा ग्वालियर एयरपोर्ट लाया जाएगा। मंगलवार को उनके पैतृक गांव सड़खड़पुर में पूरे सैन्य एवं राजकीय सम्मान के साथ वीर जवान को अंतिम विदाई दी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments