​9 महीने की गोद में औलाद और 100 फीट ऊंची टंकी: शिवपुरी के मनियर बायपास पर 1.5 घंटे चला सांसें थाम देने वाला ड्रामा

शिवपुरी। शहर के मनियर बायपास पर सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शख्स अपनी पत्नी, मां और महज 9 महीने के दूधमुहे बच्चे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया। पीड़ित परिवार का आरोप था कि वे बीते 25-30 सालों से सरकारी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रह रहे हैं, लेकिन अब कुछ दबंग उन्हें पक्का मकान नहीं बनाने दे रहे और लगातार धमकियां दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार मनियर निवासी पवन जाटव अपनी पत्नी सपना जाटव, मां रामश्री जाटव और 9 महीने के बेटे इशांक को साथ लेकर मनियर बायपास स्थित पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया था। पवन ने रोते-बिलखते हुए पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि दबंग अतर सिंह धाकड़ और राम स्वरूप धाकड़ उसे मकान बनाने से रोक रहे हैं। शिकायत करने के बावजूद पुलिस उसकी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। पवन का यह भी आरोप था कि पुलिस उसके मामा रामभजन को बेवजह पकड़कर ले गई, जिससे तंग आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

टंकी पर 9 महीने के बच्चे के साथ पूरे परिवार के चढ़ने की खबर फैलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, वहीं तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने भी मोर्चा संभाला। सुरक्षा के लिहाज से SDRF की टीम को तुरंत मौके पर बुलाया गया, जिसने किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए नीचे सुरक्षा जाल बिछाया और उपकरण तैनात किए।

टंकी के नीचे खड़े होकर अधिकारियों ने लाउडस्पीकर और समझाइश के जरिए पवन और उसके परिवार से नीचे उतरने की मिन्नतें कीं। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद जब प्रशासन ने निष्पक्ष जांच और सरकारी नियम अनुसार मदद का आश्वासन दिया, तब जाकर परिवार सुरक्षित नीचे उतर आया।

तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि परिवार सरकारी जमीन पर बिना अनुमति पक्का निर्माण करना चाहता था, जिसे लेकर विवाद हुआ था। परिवार को समझा-बुझाकर नीचे उतार लिया गया है और उन्हें नियमानुसार प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने का भरोसा दिया गया है।

Post a Comment

0 Comments