Shivpuri में सड़क और टेकरी पार्किंग से हटे अतिक्रमण, No-Hawker Zone बनेगा Cort-Road

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी शहर में चरमराती ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए सोमवार को प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया। नगर पालिका और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख व्यापारिक और व्यस्त इलाकों में दबिश देकर सड़क व पार्किंग स्थल पर किए गए अस्थाई अतिक्रमणों को साफ कराया। इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों और बेतरतीब दुकानें लगाने वालों में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासनिक टीम ने शहर के मुख्य कोर्ट रोड, टेकरी पार्किंग स्थल, मंडी क्षेत्र और पड़वा चौराहे के आसपास अभियान चलाया। इन इलाकों में सड़क और पार्किंग की जगह पर अवैध रूप से लगाए गए ठेलों और अस्थाई दुकानों को हटवाया गया। टीम ने कार्रवाई से पहले बाकायदा मुनादी (लाउडस्पीकर से घोषणा) करवाकर दुकानदारों और ठेला संचालकों को हिदायत दी थी। पहली बार में किसी भी व्यापारी का चालान नहीं काटा गया है।

निरीक्षक एसआई योगेश शर्मा ने बताया कि सुबह और शाम के समय ठेले सड़क के बीचों-बीच तक आ जाते थे, जिससे आम जनता को भारी जाम से जूझना पड़ता था। इसके अलावा कोर्ट रोड और टेकरी क्षेत्र में पार्किंग की आरक्षित जगह पर लोगों ने कपड़े की दुकानें सजा रखी थीं। टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए इन अस्थाई दुकानों को हटवाया और पार्किंग स्थल को खाली कराया।

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, कोर्ट रोड को पूरी तरह से नो हॉकर और नो ठेला जोन बनाने की तैयारी है। जैसे ही शहर की नई मंडी पूरी तरह शुरू हो जाएगी, सभी ठेला संचालकों को निर्धारित वंडिंग जोन में शिफ्ट कर व्यवस्थित किया जाएगा। इसके साथ ही पक्के दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी दुकानों का सामान निर्धारित सीमा (नाली/रेड लाइन) के भीतर ही रखें।

एसआई योगेश शर्मा ने स्पष्ट किया कि सोमवार को केवल चेतावनी और समझाइश दी गई है। यदि दोबारा सड़क या पार्किंग पर कब्जा पाया गया, तो सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ चालान काटा जाएगा और सामान जब्त किया जाएगा। शहर में सुगम यातायात के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments