शिवपुरी। खबर कलेक्ट्रेट कार्यालय से आ रही है जहां जिले के करैरा कस्बे में बेशकीमती जमीन पर कब्जे की नीयत से एक परिवार को खुलेआम जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। कूट रचित दस्तावेजों के जरिए जमीन हथियाने में नाकाम रहने पर अब विरोधियों द्वारा परिजनों पर झूठे केस दर्ज करवाने और जान से खत्म करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित ने इस पूरे मामले में पटवारी की मिलीभगत और संरक्षण का आरोप लगाते हुए कलेक्टर, एसपी, एसडीओपी और टीआई करैरा से पूरे परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार करैरा के बीज भंडार रोड निवासी अंशुल गुप्ता पुत्र गोपाल शरण गुप्ता ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने कस्बा करैरा स्थित सर्वे क्रमांक 2676/1/1 रकबा 0.165 हेक्टेयर भूमि पिस्ता देवी से 17 अप्रैल 2025 को रजिस्टर्ड रजिस्ट्री के माध्यम से खरीदी थी। खरीद के बाद से ही इस भूमि पर उनका वैध कब्जा चला आ रहा है। अंशुल का आरोप है कि इस जमीन को छल-कपट से हड़पने के लिए कस्बे के ही श्रीमती अंशु गुप्ता, नवनीत गुप्ता, संजय पहाड़िया और हरीनिवास गुप्ता कूट रचित दस्तावेज तैयार करवाकर उस पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं।
केस वापस लो वरना पूरे परिवार को खत्म कर देंगे
शिकायत में अंशुल ने बताया कि पूर्व में भी इस संबंध में आवेदन दिए गए थे, लेकिन कोई निराकरण नहीं हुआ। अब आरोपी पक्ष द्वारा उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। आरोपियों की ओर से साफ कहा जा रहा है कि यदि न्यायालय में चल रहा जमीन से जुड़ा केस वापस नहीं लिया गया, तो वे पूरे परिवार को जान से खत्म कर देंगे या किसी गंभीर झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। पीड़ित ने बताया कि उनके वृद्ध माता-पिता गोपाल शरण गुप्ता और श्रीमती संतोष गुप्ता की उम्र करीब 68 से 70 वर्ष है और वे गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं। आरोपियों की धमकियों से उनका पूरा परिवार भारी दहशत में जी रहा है।
राकेश गुप्ता वंटी पटवारी पर संरक्षण का गंभीर आरोप
अंशुल गुप्ता ने अपने शिकायती आवेदन में सीधे तौर पर राकेश गुप्ता वंटी पटवारी पर आरोपियों को शह और संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के मुताबिक, वंटी पटवारी आरोपी नवनीत गुप्ता की बुआ का लड़का है और अपने शासकीय पद का गलत इस्तेमाल कर आरोपियों की मदद कर रहा है। पीड़ित अंशुल गुप्ता ने कलेक्टर, एसपी, एसडीओपी और टीआई से मांग की है कि आरोपियों व पटवारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उनके बुजुर्ग माता-पिता व परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए।

0 Comments