शिवपुरी। जिले की स्थानीय खबरों को प्रमुखता से सामने लाने और आमजन की आवाज को समाचार के माध्यम से उचित मंच देने के उद्देश्य से शिवपुरी न्यूज एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। पोर्टल के माध्यम से शिवपुरी जिले के साथ-साथ पोहरी, बैराड़, करैरा, पिछोर, कोलारस, बदरवास, नरवर, खनियाधाना सहित ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रमुख खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
शिवपुरी न्यूज एक्सप्रेस का उद्देश्य समाचारों को तथ्यपरक, निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ पाठकों तक पहुंचाना है। स्थानीय समस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, अपराध, रोजगार, कृषि, सामाजिक गतिविधियों, खेल, संस्कृति और जनहित से जुड़े विषयों को पोर्टल पर प्रमुखता दी जाएगी।
पोर्टल के शुभारंभ के अवसर पर भगवान गणेश एवं मां सरस्वती का पूजन कर सत्य, तथ्य और जनहित के साथ पत्रकारिता करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर यह संकल्प लिया गया कि समाचारों के प्रकाशन में तथ्यों की पुष्टि और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता दी जाएगी।
शिवपुरी न्यूज एक्सप्रेस के संपादक प्रिंस प्रजापति ने कहा कि डिजिटल दौर में स्थानीय समाचारों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। पोर्टल के माध्यम से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों से जुड़ी खबरों को भी प्रमुखता से सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। आमजन की समस्याओं को संबंधित विभागों और प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ जिले की सकारात्मक गतिविधियों को भी स्थान दिया जाएगा।
पोर्टल की शुरुआत के साथ पाठकों से भी अपील की गई है कि वे समाचार से संबंधित तथ्य और प्रमाणित जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि सही एवं विश्वसनीय समाचार समाज तक पहुंचाए जा सकें।
शिवपुरी न्यूज एक्सप्रेस का संकल्प है सत्य, तथ्य और जनहित के साथ शिवपुरी की हर खबर को पाठकों तक पहुंचाना।
प्रिंस प्रजापति
संपादक, शिवपुरी न्यूज एक्सप्रेस

1 Comments
नई पारी की शुरुआत करने के लिए हार्दिक शुभकामनायें प्रिंस
ReplyDelete