मुरैना से शिवपुरी पहुंची थी सांसें, मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम थोड़ा: सर्पदंश से महिला की मौत

शिवपुरी। शिवपुरी के श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मुरैना जिले की 38 वर्षीय महिला की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। शुक्रवार देर शाम परिजन उसे बेहद गंभीर स्थिति में भर्ती कराने पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसकी जान चली गई। शनिवार को मेडिकल कॉलेज चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मुरैना जिले के पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत धोदा गांव की निवासी सुशीला जाटव (38) पत्नी राम प्रसाद जाटव शुक्रवार दोपहर अपने घर में कामकाज कर रही थीं। इसी दौरान किसी विषैले सर्प ने उन्हें डस लिया। जहर का असर इतनी तेजी से फैला कि महिला के हाथ-पैर नीले पड़ने लगे और प्रभावित अंगों की त्वचा गलने जैसी स्थिति में आ गई।

हालत तेजी से बिगड़ने पर घबराए परिजन तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल के बजाय शिवपुरी स्थित मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। हालांकि, तब तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था और अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद सुशीला ने दम तोड़ दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के संदर्भ में परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है।

Post a Comment

0 Comments