लापरवाही ने ली बलि: पोहरी में युवक की मौत से भड़का बवाल, सड़क पर लाश रखकर चक्काजाम, JE पर गाज की मांग

शिवपुरी। बिजली विभाग की कथित घोर लापरवाही के चलते एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया है। पोहरी क्षेत्र के कमलाखेड़ी निवासी धर्मेंद्र धाकड़ की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि विजय धाकड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद भड़के ग्रामीणों और परिजनों ने पोहरी चौराहे पर चक्काजाम कर दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप्प हो गया है।

जानकारी के अनुसार, बिजली लाइन में हुई कथित लापरवाही के कारण हादसा हुआ। करंट लगने से धर्मेंद्र धाकड़ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल विजय धाकड़ को तत्काल शिवपुरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों और मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग पोहरी चौराहे पर एकत्र हो गए और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बिजली लाइन की देखरेख में लगातार लापरवाही बरती जा रही थी। आक्रोशित लोगों ने दोषी अधिकारी सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से हटाने की मांग की है।

मृतक के चाचा बाईश्वराम धाकड़ ने प्रशासन से मांग की है कि धर्मेंद्र धाकड़ के असामयिक निधन के बाद उनके परिवार को तुरंत उचित मुआवजा और आर्थिक सहायता दी जाए। इसके साथ ही बिजली व्यवस्था में खिलवाड़ करने वाले जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही पोहरी और भटनावर थाने की पुलिस टीमें भारी बल के साथ मौके पर पहुंचीं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से चर्चा कर रहे हैं और उनकी मांगों को सुनते हुए चक्काजाम समाप्त कराने के प्रयास में जुटे हैं। पुलिस की समझाईस के बाद फिलहाल जाम हटा दिया है सभी लोग थाने पर एकत्रित है फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में है।

Post a Comment

0 Comments