वोट चोरी नहीं, जनता ने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है: डॉ. नरोत्तम मिश्रा, बोले-राहुल गांधी पूरे देश से माफी मांगे

शिवपुरी। रविवार को शिवपुरी में आयोजित ब्राह्मण समाज के एक कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा जुबानी हमला बोला। चुनाव आयोग और वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने साफ कहा कि देश में वोट चोरी नहीं हो रहे हैं, बल्कि जनता इतनी जागरूक हो चुकी है कि उसने अब चोरों को वोट देना बंद कर दिया है।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 90 से अधिक चुनाव हार चुकी है। अपनी गिरती राजनीतिक साख बचाने और पार्टी के भीतर अपने नेतृत्व पर सवाल उठने से रोकने के लिए वे आए दिन ऐसे अनर्गल बयान देते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, राहुल गांधी कभी हाइड्रोजन बम लेकर आते हैं, तो कभी सुतली बम। लेकिन आखिर में उनके सारे बम फुस्स ही निकलते हैं।

पूर्व गृह मंत्री ने आगे कहा कि अब राहुल गांधी वोट चोरी के लिए एसआईआर (SIR) को दोषी ठहरा रहे हैं। इससे यह साफ हो जाता है कि ईवीएम (EVM) से वोट चोरी होने का उनका पुराना आरोप पूरी तरह झूठ और बेबुनियाद था। अभी तक वे ईवीएम का प्रलाप करके देश की जनता में भ्रम फैला रहे थे।

डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मांग की कि संवैधानिक संस्थाओं की छवि धूमिल करने और झूठे दावों से देश की जनता को गुमराह करने के इस कृत्य के लिए राहुल गांधी को पूरे देश से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

Post a Comment

0 Comments