शिवपुरी। शहर में एक आवारा कुत्ते ने रात भर तांडव मचाकर नगर पालिका के सुरक्षा दावों की पोल खोलकर रख दी है। शनिवार शाम से रविवार सुबह तक एक पागल काले कुत्ते ने शहर के अलग-अलग इलाकों में हमला कर 35 से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बना लिया। अचानक हुए इस हमले से शहर भर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुत्ते के आतंक का असर शहर के मनियर, गुरुद्वारा चौराहा, लुहारपुरा और पुरानी शिवपुरी के राधा रमण मंदिर क्षेत्र में सबसे ज्यादा देखने को मिला। राह चलते लोगों, दुकानदारों और बच्चों पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। मनियर के रहने वाले रूपेश उपाध्याय ने बताया कि उनके भाई हृदेश उपाध्याय सहित इलाके के करीब 5 लोगों को इसी कुत्ते ने काटा, जिनमें एक 6 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। इतना ही नहीं, बाहर से आए राहगीरों जैसे गुना निवासी राजू और शांति नगर निवासी प्रमोद कुशवाह भी इस हमले का शिकार हो गए।
जिला अस्पताल की नर्स रश्मि सोलंकी के अनुसार शनिवार शाम से ही कुत्ते के काटने के मरीज लगातार अस्पताल पहुंच रहे थे। रविवार सुबह 10 बजे तक अस्पताल में 35 नए मरीजों को रेबीज के टीके लगाए जा चुके थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई लोगों ने निजी अस्पतालों का भी रुख किया। मामले की भयावहता को देखते हुए सिविल सर्जन ने तुरंत नगर पालिका प्रशासन को इसकी सूचना दी।

0 Comments