शिवपुरी। खबर जिले के कोलारस थाना क्षेत्र से है जहां अंतर्गत लुकवासा के गांधीनगर वार्ड क्रमांक 13 में रहने वाले 50 वर्षीय भूरा जाटव ने बुधवार शाम अपने ही घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य मजदूरी करने गए हुए थे और वे घर पर अकेले थे। जब शाम को पत्नी काम से वापस लौटी, तो कमरे का दृश्य देखकर उनकी चीख निकल गई।जानकारी के अनुसार, गांधीनगर निवासी भूरा पुत्र ओमकार जाटव की पत्नी गुड्डी बाई और दोनों बेटे रंजीत और राजा बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे मजदूरी करने के लिए घर से निकले थे। शाम करीब 4:30 बजे जब पत्नी गुड्डी बाई मजदूरी खत्म कर घर वापस लौटीं, तो उन्होंने भूरा को कमरे में फांसी के फंदे पर लटका देखा। पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और फंदा काटकर उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
परिजनों ने बताया कि भूरा जाटव पिछले काफी समय से टीबी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और उनका इलाज भी चल रहा था। बीमारी के कारण वे शारीरिक और मानसिक रूप से काफी परेशान रहते थे। हालांकि, उन्होंने यह खौफनाक कदम बीमारी से तंग आकर उठाया या इसके पीछे कोई और वजह है, यह फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर मर्ग कायम किया। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। लुकवासा चौकी पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments