शिवपुरी। खबर जिले के लुकवासा फोरलेन से है जहां पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। म्याना थाना क्षेत्र के छीरखेड़ा गांव का रहने वाला 29 वर्षीय युवक बुधवार की शाम थ्रेसर का सामान खरीदने के लिए अपनी बाइक से लुकवासा निकला था, लेकिन रास्ते में अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।जानकारी के अनुसार 29 वर्षीय राजकुमार धाकड़ पुत्र छीरखेड़ा निवासी बुधवार की शाम करीब 6 बजे अपनी बाइक क्रमांक एमपी 08 जेडजे 5019 से घर से रवाना हुआ था। उसने परिजनों को बताया था कि वह थ्रेसर का जरूरी सामान लेने के लिए लुकवासा जा रहा है। इसके बाद परिजन अपने कामों में व्यस्त हो गए, लेकिन रात करीब 10:30 बजे उनके पास एक फोन आया जिसने परिवार की दुनिया उजाड़ दी। फोन पर सूचना मिली कि लुकवासा फोरलेन पर इंडियन प्योर फ्यूल स्टेशन के पास उसका एक्सीडेंट हो गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल राजकुमार को कोलारस के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया अस्पताल पहुंचे परिजनों ने जब राजकुमार का शव देखा तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे में उसके सिर पर घातक चोटें आई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गुरुवार की सुबह कोलारस स्वास्थ्य केंद्र में मृतक राजकुमार धाकड़ के शव का पोस्टमार्टम कराया गया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब लुकवासा फोरलेन और पेट्रोल पंप के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारकर फरार होने वाले अज्ञात वाहन का सुराग लगाया जा सके।
0 Comments