NH-46 पर काल बना अचानक फटा टायर: पीलिया का इलाज कराने आए थे, अस्पताल पहुंच गए 7 लोग

शिवपुरी। राष्ट्रीय राजमार्ग 46 (NH-46) पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोलारस थाना क्षेत्र अंतर्गत भड़ौता ओवरब्रिज के पास अचानक बोलेरो का टायर फटने से तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में 3 साल के मासूम बच्चे सहित एक ही परिवार के 7 लोग घायल हो गए। दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद शिवपुरी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, अशोकनगर जिले के दमदमा चक्क गांव का रहने वाला एक परिवार अपने परिजन राधे के पीलिया का इलाज कराने कोलारस के लेवा गांव आया हुआ था। झाड़-फूंक/इलाज कराने के बाद रविवार को सभी लोग बोलेरो से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी NH-46 पर भड़ौता ओवरब्रिज के पास पहुंची, तभी अचानक चलती बोलेरो का टायर धमाकेदार आवाज के साथ फट गया।

टायर फटने से चालक का संतुलन बिगड़ गया और बोलेरो सड़क पर कई पलटी खाते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बमुश्किल वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से कोलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

दुर्घटना में तूफान सहरिया, रामसिंह, तुलसा, भरोषा और राधे समेत 7 लोग घायल हुए हैं। डॉक्टरों ने 2 घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत जिला अस्पताल शिवपुरी के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments