न्याय के मंदिर में सेंध: कोलारस कोर्ट परिसर से जनरेटर की बैटरी चुराने वाले 2 चोर चढ़े पुलिस के हत्थे

शिवपुरी। न्याय के मंदिर में ही सेंधमारी करने वाले बेखौफ चोरों पर कोलारस थाना पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। न्यायालय परिसर कोलारस से रात के अंधेरे में जनरेटर का ताला तोड़कर बैटरी चुराने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई बैटरी बरामद कर दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार मामला 13 सितंबर 2026 की देर रात का है। चोरों ने कोलारस न्यायालय परिसर में रखे जनरेटर का ताला तोड़कर उसमें लगी महंगी बैटरी पार कर दी थी। सुबह चोरी का पता चलते ही हड़कंप मच गया। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू की।

थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत बाजपेयी की टीम लगातार सुराग जुटा रही थी। 27 सितंबर को मुखबिर से मिली पक्की खबर पर पुलिस ने दबिश देकर दो संदिग्धों को पकड़ा। कड़ाई से पूछताछ करने पर एक आरोपी ने अपना नाम भूरा उर्फ बलवंत आदिवासी (26) निवासी कमलागंज पुल के पास (शिवपुरी) और दूसरे ने गोलू उर्फ बादल गोस्वामी (23) निवासी गौशाला (शिवपुरी) बताया। दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने ही 13 सितंबर की रात करीब 3 बजे कोर्ट परिसर के जनरेटर का ताला तोड़कर बैटरी चुराई थी।

कोलारस पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गई बैटरी बरामद कर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपियों को माननीय न्यायालय कोलारस में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है। इस त्वरित और सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी पुनीत बाजपेयी, सउनि अमृतलाल भिलाला, प्रआर रघुवीर सिंह, आरक्षक नरेश यादव, सूरज टैगोर और आनंद भार्गव की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments