SHIVPURI में एक स्वर में गूंजा वंदे मातरम् : 150 साल पूरे होने पर नमामि भारतम् का बड़ा आयोजन

शिवपुरी। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के आह्वान पर शुरू हुए नमामि भारतम् अभियान के तहत शुक्रवार, 25 सितंबर 2026 को शिवपुरी में एक गरिमामय कार्यक्रम संपन्न हुआ। राघवेंद्र नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रातः 10 बजे सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि एक ही समय, एक लय और एक स्वर में पूरे प्रांगण ने राष्ट्रगीत का गायन किया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के तराने से गूंज उठा।

आयोजन का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता शैलेश विरमानी ने राष्ट्रीय गीत के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 'वंदे मातरम्' की रचना की पृष्ठभूमि क्या थी और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने देशवासियों और क्रांतिकारियों के भीतर राष्ट्रभक्ति की ज्वाला जगाने में क्या भूमिका निभाई थी।

इस विशेष अवसर पर तात्या टोपे बाल कल्याण उपसमिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल, उपाध्यक्ष जगत सिंह दांगी, सचिव राजू शर्मा एवं सदस्य सुश्री शुभ्रा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा कोलारस मार्केटिंग उपाध्यक्ष श्रीमती प्रतीक्षा दांगी, सरकारी शिक्षक संजय भार्गव, तथा मातेश्वरी एवं शगुन वाटिका के संचालक गोपाल गौड़ सहित शहर के कई अन्य गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में शिरकत की।

कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर राघवेंद्र नगर की प्रधानाचार्य श्रीमती सपना मांझी, विद्यालय का समस्त शिक्षक (आचार्य) परिवार और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सामूहिक गायन के साथ ही पूरा विद्यालय प्रांगण राष्ट्रप्रेमी ऊर्जा और उत्साह से भर गया।

Post a Comment

0 Comments