प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवाब साहब रोड निवासी मनोज धाकड़ तीन पहिया लोडिंग वाहन चलाने का काम करता है। शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे वह झांसी तिराहा स्थित एक हार्डवेयर की दुकान के बाहर मौजूद था। इसी दौरान कठमई निवासी गौरव कुशवाहा (जो खुद भी तीन पहिया लोडिंग वाहन चलाता है) वहां पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। दुकान संचालक के मुताबिक, दोनों चालकों के बीच गुरुवार शाम को भी लोडिंग-अनलोडिंग और भाड़े को लेकर कहासुनी हुई थी।
शुक्रवार सुबह जब विवाद दोबारा बढ़ा, तो आरोपी गौरव कुशवाहा ने पूर्व नियोजित साजिश के तहत अपनी जेब से मिर्च का पाउडर निकालकर मनोज धाकड़ की आंखों में झोंक दिया। जैसे ही मनोज अपनी आंखें मलते हुए बेबस हुआ, गौरव ने चाकू निकालकर उसकी पीठ और शरीर पर कई वार कर दिए। खून से लथपथ मनोज मौके पर ही गिर पड़ा, जबकि आरोपी खुलेआम चाकू लहराते हुए भाग निकला।
घटना के तुरंत बाद आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने लहूलुहान मनोज को संभाला और आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इधर घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें विवाद से लेकर आंखों में मिर्ची डालने और चाकू मारने का पूरा घटनाक्रम साफ नजर आ रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी गौरव कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।

0 Comments