शिवपुरी। खबर जिले के कोलारस थाना क्षेत्र से है जहां मुबारिकपुर गांव में एक सनसनीखेज और दर्दनाक हादसा सामने आया है। सियार के काटने के बाद रेबीज का दूसरा टीका एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने अस्पताल पहुंची 45 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि महिला बिल्कुल स्वस्थ थी और खुद पैदल चलकर अस्पताल के अंदर गई थी, लेकिन इंजेक्शन लगते ही वह बेहोश हो गई। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मुबारिकपुर निवासी सीमा केवट (45) पत्नी रामप्रसाद केवट अपने खेत पर बने मकान के बाहर बैठी प्याज काट रही थीं। उसी दौरान एक जंगली सियार ने अचानक उन पर हमला कर दिया और शरीर के निचले हिस्से को बुरी तरह नोच लिया। हमले के बाद परिजन उसी शाम (20 सितंबर) महिला को तत्काल कोलारस प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद रेबीज का पहला डोज लगाया था।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को रेबीज का दूसरा डोज लगाने का समय तय था। महिला पूरी तरह सामान्य स्थिति में अपने परिजनों के साथ कोलारस स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। अस्पताल के अंदर वह खुद चलकर गई। वहां तैनात स्वास्थ्य कर्मी/डॉक्टर ने जैसे ही महिला को रेबीज का दूसरा इंजेक्शन लगाया, कुछ ही पलों के भीतर उसकी सांसें उखड़ने लगीं और वह अचेत होकर गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजन उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
एक सामान्य स्थिति की महिला की रेबीज इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद हुई मौत से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। देर शाम महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सीएमएचओ डॉ. संजय ऋषेश्वर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जिस बैच का इंजेक्शन महिला को लगाया गया था, उसके सैंपल सील कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वाइल/सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments