शिवपुरी। खबर सतनवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम ठेह से है जहां पत्नी पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस पति ने गांव के लोगों पर पत्नी पर हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जांच में वही घटना का आरोपी निकला। पुलिस ने फरियादी पति घनश्याम बाल्मीकि को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को ग्राम ठेह निवासी घनश्याम पुत्र पूरन बाल्मीकि उम्र 65 वर्ष ने पुलिस को बताया था कि 18-19 सितंबर की रात वह और उसकी पत्नी लीला बाल्मीकि टपरिया में सो रहे थे। इसी दौरान ग्राम मकरारा निवासी राजकुमार बाल्मीकि, उसके पिता कालू बाल्मीकि और दो अन्य लोग चाकू लेकर वहां पहुंचे और लीला पर हमला कर उसे घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 109(1), 296(ए), 115(2) एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
थाना प्रभारी सुभाषपुरा उप निरीक्षक अरविन्द सिंह चौहान ने जांच के दौरान 22 सितंबर को साक्षियों से पूछताछ की। एक साक्षी ने घटना को अपनी आंखों से देखने की बात बताई, जबकि अन्य साक्षियों ने भी घटना के संबंध में जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, साक्षियों के बयानों से यह तथ्य सामने आया कि घटना किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा नहीं, बल्कि स्वयं फरियादी घनश्याम द्वारा की गई थी। इसके बाद पुलिस ने घनश्याम को थाने बुलाकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और उसके द्वारा दिए गए मेमोरेण्डम में उसने पत्नी से शादी के बाद से विवाद होने तथा घटना वाली रात खाना नहीं देने की बात पर गुस्सा आने के बाद घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने घनश्याम को मामले में आरोपी बनाकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाषपुरा उप निरीक्षक अरविन्द सिंह चौहान, उप निरीक्षक रामेन्द्र सिंह चौहान थाना फिजीकल, सहायक उप निरीक्षक रफीक मोहम्मद, प्रधान आरक्षक सोनू सिंह, निरंजन सिंह गुर्जर, सोनेराम, सुरेन्द्र तथा आरक्षक गजराज सिंह बघेल, विनोद और अर्जुन सिंह जाट की भूमिका रही।
0 Comments