बैराड़ में लगा सरकार आपके द्वार शिविर, 126 आवेदन मिले, 54 हितग्राही मौके पर लाभान्वित

बैराड़। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत रविवार को विराट नगर स्थित नगर परिषद बैराड़ के प्रांगण में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी वार्ड स्तर पर पहुंचे और आमजन से उनकी समस्याओं एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए। शिविर में कुल 126 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 54 हितग्राहियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।

शिविर का उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर कृषकों, ग्रामीणजनों, श्रमिकों, महिलाओं, वंचितों तथा कमजोर वर्ग के लोगों को शासकीय कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की परेशानी से राहत दिलाते हुए लोकसेवाएं सीधे उनके क्षेत्र में उपलब्ध कराना रहा। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित शिविर में स्वास्थ्य, विद्युत, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, पशुपालन तथा नगरीय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

पशुपालन विभाग द्वारा शिविर में 10 हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त किए गए, जिनमें से 6 हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए कुल 2 लाख 10 हजार रुपए का ऋण उपलब्ध कराया गया। नगर परिषद बैराड़ द्वारा 2 हितग्राहियों को अंत्येष्टि सहायता, 2 हितग्राहियों के संबल पंजीयन कार्ड तथा पेंशन हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे 40 हितग्राहियों की जांच कर उपचार किया। महिला एवं बाल विकास विभाग पोहरी द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के 8 तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना के 8 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा अन्य विभागों द्वारा भी नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का पंजीयन कर आवश्यक कार्रवाई की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त प्रहलाद भारती, नगर परिषद अध्यक्ष मालती लक्ष्मण सिंह रावत, उपाध्यक्ष सेवा तुलाराम यादव, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर प्रहलाद भारती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ‘सरकार आपके द्वार’ जैसे आयोजनों का उद्देश्य यही है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं और शासकीय योजनाओं से संबंधित कार्यों के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी जनता के बीच पहुंचकर सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष सेवा यादव, वरिष्ठ पार्षद अनीता ओझा, विजय यादव, हकीम सैन, पवन गुप्ता, विनोद बाथम, नीरज गर्ग, सोनू राठौर, वरिष्ठ भाजपा नेता रामसेवक बाबूजी, देवेंद्र गुप्ता, डॉ. हकीम सिंह यादव, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, लोकेंद्र शर्मा, आशुतोष व्यास, विक्की शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन मौजूद रहे। 

शिविर में मुख्य नगर पालिका अधिकारी महेश चंद्र जाटव एवं नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग ऑफिसर, लैब टेक्नीशियन, आयुष्मान मित्र, विद्युत विभाग के जेई तथा पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments