शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर-खनियाधाना मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद उग्र हुए परिजनों ने पुलिस कार्रवाई में देरी और संदिग्ध भूमिका का आरोप लगाते हुए पिछोर थाने के सामने शव रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों के विरोध प्रदर्शन के कारण करीब 2 घंटे तक मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
जानकारी के अनुसार, खनियाधाना क्षेत्र के ममरौनी गांव का रहने वाला 19 वर्षीय चाहत लोधी गुरुवार सुबह अपने दोस्त अंशुल लोधी के साथ मोटरसाइकिल से पिछोर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक पिछोर से करीब 6 किलोमीटर पहले दविया-जगन बदनपुर के पास पहुंची, सामने से आ रहे सीमेंट से भरे एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में चाहत लोधी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई। साथ मौजूद दोस्त अंशुल ने फोन पर परिजनों को बताया कि चाहत गंभीर रूप से घायल है और उसे इलाज के लिए झांसी में भर्ती कराया गया है, जबकि उसका शव पिछोर थाने में रखा हुआ था। इसके अलावा परिजनों ने डायल 112 के चालक पर भी आरोपी ट्रक चालक से मिलीभगत करने के गंभीर आरोप लगाए।
थाने के बाहर शव रखकर किए जा रहे उग्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद परिजनों ने जाम हटाया। पुलिस ने पीछा कर टक्कर मारने वाले ट्रक को खनियाधाना में पकड़ लिया है। जाम समाप्त होने के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

0 Comments