शिवपुरी। शहर में नगरीय प्रशासन और यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण रोधी अभियान ने अब जनाक्रोश का रूप ले लिया है। बुधवार रात गांधी चौक पर उस समय भारी हंगामा और तनाव की स्थिति निर्मित हो गई, जब सड़क किनारे से मनिहारी साज-सज्जा व चूड़ी की दुकानें हटाए जाने से नाराज पीड़ित महिलाएं सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। अचानक हुई इस कार्रवाई से आजीविका छिन जाने के कारण महिलाओं में भारी असंतोष व्याप्त है।
धरना दे रही महिलाओं ने प्रशासनिक कार्रवाई के समय पर गंभीर सवाल उठाए हैं। बुजुर्ग महिला मुन्नी ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि आगामी दीपावली के त्योहार को देखते हुए उन्होंने 10 रुपये सैकड़ा के भारी-भरकम ब्याज पर कर्ज लेकर दुकान के लिए सामान खरीदा था।
पिछले तीन दिनों से दुकानें नहीं लग पाने के कारण उनका सारा सामान डंप पड़ा है और ब्याज का मीटर लगातार चालू है। महिलाओं की स्पष्ट मांग है कि त्योहार को ध्यान में रखते हुए प्रशासन उन्हें कम से कम दीपावली तक गांधी चौक पर ही दुकानें संचालित करने की छूट दे।
वर्षों से जम जमाकर व्यापार कर रहीं बुजुर्ग महिला बसंती ने भावुक होते हुए बताया कि वे साल 1980 (पिछले 46 वर्षों) से इसी स्थान पर दुकान लगाकर अपने पूरे परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं।बसंती का कहना है कि अब ढलती उम्र में उनके पास न तो इतनी शारीरिक क्षमता बची है कि वे कोई दूसरा मजदूरी का काम कर सकें और न ही कोई अन्य साधन है। यदि यह दुकान बंद हो गई तो उनके परिवार के सामने फाकाकशी (भूखों मरने) की नौबत आ जाएगी।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को नगरीय प्रशासन की टीम ने यातायात सुधार का हवाला देते हुए अस्पताल चौराहा से लेकर माधव चौक तक मुख्य मार्ग पर व्यापक अतिक्रमण रोधी कार्रवाई की थी। इसी मुहिम के तहत गांधी चौक की सड़क पर अस्थाई रूप से लगने वाली मनिहारी की दुकानों को भी हटा दिया गया था। इसी कार्रवाई के विरोध में देर रात दुकानें गंवा चुकीं महिलाएं संगठित होकर गांधी चौक पर धरने पर बैठ गईं।
पूरे मामले पर प्रशासनिक पक्ष रखते हुए यातायात प्रभारी रणवीर सिंह यादव ने बताया कि कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना है, लेकिन इसके साथ ही छोटे व्यापारियों के हितों का भी ध्यान रखा गया है। प्रशासन के अनुसार हाथ-ठेला चालकों के लिए मंडी के पीछे स्थित ठंडी सड़क पर स्थान आरक्षित किया गया है। मनिहारी दुकानदारों के लिए मंडी के ठीक सामने टेकरी बाजार के मुख्य मार्ग पर वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया गया है। प्रशासन का दावा है कि इन वैकल्पिक स्थानों के माध्यम से दुकानदारों के रोजगार को पूरी तरह सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया है।

0 Comments