
शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कड़े निर्देशों के बाद शिवपुरी जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। शहर में टूटी सड़कें, ठप पड़ी स्ट्रीट लाइटें, जगह-जगह कचरे के ढेर और बदहाल यातायात की समस्याओं से जूझ रही जनता को राहत दिलाने के लिए कलेक्टर अर्पित वर्मा ने एक बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है। शहर के सभी 39 वार्डों की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की पूरी फौज मैदान में उतार दी गई है।
दरअसल, विगत दिनों केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शिवपुरी की मूलभूत समस्याओं की समीक्षा की थी। शहर की बदहाल व्यवस्था और आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिंधिया ने प्रशासनिक अधिकारियों को तुरंत कार्ययोजना बनाकर समस्याओं का त्वरित निराकरण करने की हिदायत दी थी।
केंद्रीय मंत्री के निर्देशों के तुरंत बाद कलेक्टर अर्पित वर्मा ने 39 वार्डों के लिए नोडल अधिकारी और विशेष दल गठित कर दिए हैं। इस पूरी व्यवस्था में सामंजस्य और दैनिक मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला को सौंपी गई है। वार्डों में तैनात अधिकारी-कर्मचारी रोजाना जमीनी स्तर पर जाकर स्वच्छता, सड़क मरम्मत, यातायात और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेंगे और मौके पर ही समस्याओं का समाधान करेंगे।
जिला प्रशासन का दावा है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य कागजी खानापूर्ति करने के बजाय नागरिकों को मौके पर त्वरित राहत पहुंचाना है। अब देखना यह होगा कि अफसरों की यह लंबी-चौड़ी फौज धरातल पर कितना बदलाव ला पाती है या शिवपुरी की जनता को समस्याओं से राहत के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा
0 Comments