शिवपुरी। विद्याभारती मध्यभारत प्रांत की पूर्व छात्र परिषद द्वारा चलाए जा रहे समर्थ भारत–स्वस्थ भारत अभियान के तहत हैप्पी डेज स्कूल शिवपुरी में व्यसन मुक्ति पखवाड़े का आयोजन किया गया। सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय के संविचारी विद्यालय में आयोजित इस व्याख्यान माला में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय कवि और पूर्व छात्र भैया आशुतोष शर्मा शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं को किसी भी प्रकार का नशा न करने और समाज को व्यसनमुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता आशुतोष शर्मा ने विद्यार्थियों को व्यसन के दुष्परिणामों, शारीरिक-सामाजिक हानियों और युवाओं के जीवन पर पड़ने वाले इसके नकारात्मक प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और सामाजिक प्रतिष्ठा को पूरी तरह तबाह कर देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अनुशासित, स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद सरस्वती विद्यापीठ के वरिष्ठ आचार्य प्रयाग नारायण शर्मा ने विद्यार्थियों को संस्कारित जीवन जीने और इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हैप्पी डेज स्कूल के प्राचार्य विनय श्रीवास्तव ने स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला और इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए विद्या भारती का आभार व्यक्त किया। इस व्याख्यान माला में विद्यालय के शिक्षकों व विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और व्यसनमुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।

0 Comments