शिवपुरी। जिला मुख्यालय के थाना नरवर पुलिस ने अंतरजिला चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का शत-प्रतिशत खुलासा किया है। पुलिस ने भिंड जिले के मालनपुर के रहने वाले तीन आरोपियों को वारदात में इस्तेमाल की गई ईको कार और शत-प्रतिशत चोरी गए माल के साथ गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
यह पूरा मामला 22 सितंबर 2026 की रात का है, जब फरियादी दिनेश कुशवाहा के घर में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर कीमती सामान पार कर दिया था। पीड़ित की शिकायत पर नरवर थाना पुलिस ने धारा 331(4), 305(a) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। विनायक शुक्ला के मार्गदर्शन में नरवर पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई।
विशेष टीम ने 30 सितंबर 2026 को त्वरित कार्रवाई करते हुए भिंड जिले के मालनपुर निवासी तीन संदिग्धों विनोद जैन पिता मूलचंद जैन (35 वर्ष), यूनिस खान पिता सोराब खान (28 वर्ष) और सद्दाम हुसैन पिता शफी मोहम्मद खान (25 वर्ष) को हिरासत में लिया। आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर जब सघन पूछताछ की गई, तो उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईको कार (MP 07 ZC 1903) सहित चोरी गया शत-प्रतिशत माल एक चांदी की करधौनी, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी की चूड़ी और 30,000 रुपये नकद बरामद कर लिए। आज 3 अक्टूबर 2026 को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।
इस सराहनीय कार्रवाई में नरवर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुणप्रताप सिंह भदौरिया, उनि राधाकृष्ण बंजारा, प्रआर प्रभजोत सिंह, आरक्षक परिमाल सिंह, माधौ सिंह, पवन पूरी, गौरव जाट, नरेंद्र मौर्य और सायबर सेल शिवपुरी के उनि धर्मेंद्र जाट, आरक्षक विकास एवं दामोदर की मुख्य भूमिका रही।

0 Comments