शिवपुरी। जिले में नेशनल हाईवे 46 पर देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सैया होटल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। गुरुवार को रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने सामने से आ रही एक इलेक्ट्रिक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में स्कूटी सवार दो ममेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अनियंत्रित होकर कंटेनर भी सड़क पर पलट गया, जिससे उसका चालक केबिन में ही फंस गया।
मिली जानकारी के अनुसार, देहदरदा सड़क निवासी राजेश रघुवंशी (55) अपने बुआ के बेटे रघुवीर रघुवंशी (56), निवासी डोडयाई के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर शिवपुरी आ रहे थे। जैसे ही वे NH-46 पर सैया होटल के पास पहुंचे, तभी ढाबे/होटल पर खाना खाने के बाद सड़क की दूसरी तरफ जाने के लिए कंटेनर चालक ने लापरवाही से गाड़ी को रॉन्ग साइड मोड़ दिया। तेज रफ्तार कंटेनर को अचानक सामने देखकर स्कूटी सवारों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और सीधे टक्कर हो गई।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। टक्कर मारकर पलटे कंटेनर के केबिन में चालक बुरी तरह फंस गया था। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद कंटेनर चालक को बाहर निकाला। दुर्घटना में स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं रघुवीर रघुवंशी को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। राजेश रघुवंशी भी हादसे में घायल हुए हैं।

0 Comments