शिवपुरी। जिले में आयोजित 4-दिवसीय FLN (बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान) शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का गुरुवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में संभागी शिक्षकों ने निपुण भारत मिशन के तहत प्राथमिक स्तर के बच्चों को सहज और आनंदमयी वातावरण में पढ़ाने के गुर सीखे। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी शिक्षकों की ओर से मुख्य मार्गदर्शकों और प्रशिक्षकों का आभार व्यक्त किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान मुख्य मार्गदर्शक चंद्रमोहन सर, यादव सर एवं आदरणीय प्रशिक्षकगण (ट्रेनर्स) ने निपुण भारत मिशन के उद्देश्यों को विस्तार से समझाया। कार्यशाला में शिक्षकों को FLN की विभिन्न गतिविधियों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों (Pedagogy) और टी.एल.एम. (TLM - शिक्षण अधिगम सामग्री) के प्रभावी एवं नवाचारी प्रयोग को बेहद सहज और व्यावहारिक तरीके से स्पष्ट किया गया।

कार्यशाला के समापन पर संभागी शिक्षक रॉबिन सोनी ने सभी प्रतिभागी शिक्षकों की ओर से अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इन चार दिनों में ट्रेनर्स ने बुनियादी स्तर पर बच्चों को सीखने-सिखाने की प्रक्रिया को आनंदमयी बनाने का एक नया दृष्टिकोण प्रदान किया है। शिक्षकों ने विश्वास दिलाया कि प्रशिक्षण कार्यशाला में सीखी गई तकनीकों और शिक्षण गतिविधियों को वे अपनी-अपनी प्राथमिक कक्षाओं में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ लागू करेंगे, ताकि निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को समय सीमा में हासिल किया जा सके।