SHIVPURI में DM का हंटर: करैरा में कृषि दुकान सील, 4 को नोटिस, खाद-बीज की हेराफेरी पर एक्शन

शिवपुरी। जिले में रबी सीजन की शुरुआत के साथ ही खाद, बीज और कीटनाशक दवाओं की कालाबाजारी व अनियमितताओं को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के सख्त निर्देशों के बाद कृषि विभाग की टीम ने करैरा विकासखंड में ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई से पूरे जिले के कृषि आदान विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।

उप संचालक कृषि मुनेश कुमार शाक्य के नेतृत्व में पहुंची जिला स्तरीय जांच टीम ने दुकानों के स्टॉक और बिल बुक की बारीकी से पड़ताल की। जांच के दौरान ग्राम बासगढ़ स्थित मैसर्स रावत ट्रेडर्स (प्रोप्राइटर जितेंद्र पाल) के प्रतिष्ठान पर गंभीर धांधली पाई गई, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। इसके अलावा मैसर्स जैन कृषि मंदिर (प्रो. अभिषेक जैन), मैसर्स गैंडा एजेंसी (प्रो. मयूर गैंडा), मैसर्स वीरेंद्र कुमार विवेक कुमार गुप्ता (प्रो. वीरेंद्र कुमार) एवं मैसर्स रावत कृतिका एजेंसी में भी अनियमितताएं मिलने पर उन्हें कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस थमाकर जवाब तलब किया गया है।

रबी सीजन में उर्वरक उठाव को देखते हुए उप संचालक कृषि ने किसानों को सलाह दी है कि वे केवल डीएपी के भरोसे न रहें, बल्कि इसके बेहतर विकल्प के रूप में एनपीके और कॉम्प्लेक्स उर्वरकों का प्रयोग करें। साथ ही फसलों में केवल अनुशंसित मात्रा में ही खाद डालने का सुझाव दिया गया है।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे किसी भी सूरत में बिना पक्के बिल के खाद, बीज या कीटनाशक न खरीदें और केवल अधिकृत दुकानों से ही सामग्री लें। यदि कोई विक्रेता नकली या अमानक सामग्री बेचता है, तो उसकी सूचना तुरंत निकटतम कृषि कार्यालय में दें। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अमानक सामग्री और अवैध विक्रय को रोकने के लिए जिले भर में यह निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments