कचरा फेंकने को लेकर बढ़ा विवाद, यादव बंधुओं पर खटीक समाज की युवती को पटक-पटक कर पीटने का आरोप

शिवपुरी। शहर की संजय कॉलोनी वार्ड क्रमांक 35 में कचरा फेंकने की मामूली बात पर हुआ विवाद अब गंभीर कानूनी रूप ले चुका है। पीड़ित युवती ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष गुहार लगाते हुए पड़ोस में रहने वाले दो भाइयों पर जातिसूचक गालियां देने, बाल पकड़कर जमीन पर पटकने और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी मोनिका खटीक ने SP कार्यालय में दिए आवेदन में बताया कि 1 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह घर से कचरा फेंकने के लिए एक सुनसान स्थान की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में पड़ोस के प्रशांत यादव और उसके भाई निशांत यादव ने उसे रोक लिया। कचरा डालने की बात पर विवाद करते हुए दोनों ने युवती के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और जातिसूचक शब्द कहे।

जब युवती ने इस बदसलूकी का विरोध किया, तो आरोप है कि दोनों भाइयों ने उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर दे मारा और जमकर लात-घूंसों से पीटा। चीख-पुकार सुनकर युवती की नानी आशा खटीक और मामी मंजू खटीक मौके पर पहुंचीं और किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से बचाया। घटना के तुरंत बाद पीड़िता अपने भाई के साथ मामला दर्ज कराने फिजिकल थाने पहुंची, जहां पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0216 दिनांक 01.10.2026 दर्ज कर लिया।

हालांकि, कहानी यहीं खत्म नहीं होती। पीड़िता का गंभीर आरोप है कि जब वह रिपोर्ट दर्ज करा रही थी, तब आरोपी और उनके साथी भी थाने पहुंच गए और पुलिस परिसर के भीतर ही उसे डराने-धमकाने लगे। युवती का कहना है कि थाने में लगे CCTV कैमरों की जांच की जाए, तो सच्चाई सामने आ जाएगी कि किस तरह आरोपी बेखौफ होकर पीड़िता पर दबाव बना रहे थे।

पीड़ित युवती ने SP को सौंपे पत्र में बताया कि FIR दर्ज होने के बाद से आरोपी पक्ष लगातार उसे और उसके परिवार को जान से मारने तथा बस्ती से बेदखल करने की धमकियां दे रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए और यदि आरोपी पक्ष उनके खिलाफ कोई झूठी शिकायत दर्ज कराता है, तो उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाए।

Post a Comment

0 Comments