शिवपुरी। खबर जिले के नरवर थाना क्षेत्र से है जहां मगरौनी चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जान से मारने की नीयत से गोलीबारी करने वाले एक इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पुरानी रंजिश के चलते पीड़ित के घर पर धावा बोलने, मारपीट करने और फायरिंग करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है।
मामला ग्राम खोड़ बावड़ी का है। 16 अगस्त 2026 को फरियादी देशराज उर्फ लवकुश गुर्जर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी बल्लू गुर्जर, महेंद्र, धर्मेंद्र, लल्लो, कल्लू, बालू, राजेंद्र, दीपू, लवकुश, सुरेंद्र, टिल्लू सहित अन्य लोग एक राय होकर लाठी-डंडे और बंदूक लेकर उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने गालियां देनी शुरू कर दीं। जब फरियादी पक्ष ने इसका विरोध किया, तो सुरेंद्र गुर्जर ने जान से मारने की नीयत से बंदूक से सीधी गोली चला दी। गनीमत यह रही कि गोली घर में रखे कूलर में जा लगी, जिससे फरियादी की जान बच गई। इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर फरियादी के साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की।
फरियादी की शिकायत पर पुलिस के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 115(2), 296(a), 189(1), 189(4), 190 और 333 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। प्रकरण में पुलिस पूर्व में ही आरोपी धर्मेंद्र गुर्जर, नरेश उर्फ बालू गुर्जर और विजेंद्र उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है, जो वर्तमान में उपजेल करैरा में बंद हैं।
नरवर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप भदौरिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई। 1 अक्टूबर 2026 को मगरौनी चौकी पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर फरार इनामी बदमाश दीपक उर्फ दीपू (पुत्र रनवीर गुर्जर, निवासी ग्राम गढोली) को उसके गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी सफलता में नरवर थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप भदौरिया, मगरौनी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अभिमन्यु सिंह राजावत, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश यादव, प्रधान आरक्षक भोले राजावत, तथा आरक्षक रविंद्र भास्कर, सचिन यादव, राहुल रावत और शिवराज यादव की विशेष भूमिका रही।

0 Comments