करैरा में सजेगा बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दरबार, 23 अक्टूबर से 51 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ

शिवपुरी। जिले के करैरा कस्बा में एक बार फिर धर्म की बयार बहने वाली है। आगामी 23 से 30 अक्टूबर 2026 तक करैरा के प्रसिद्ध बगीचा सरकार हनुमान मंदिर परिसर में विशाल 51 कुंडीय श्रीराम महायज्ञ और भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है। इस धार्मिक महोत्सव में प्रख्यात कथावाचक और बागेश्वर धाम सरकार के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रद्धालुओं को अपनी ओजस्वी वाणी से श्रीराम कथा का रसपान कराएंगे।

आयोजन की शुरुआत 23 अक्टूबर को गणेश पूजन एवं भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इसके बाद 24 अक्टूबर से श्रीराम कथा और 51 कुंडीय महायज्ञ नियमित रूप से शुरू होगा। कथा के दौरान पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दो दिवसीय विशेष 'दिव्य दरबार' भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। धार्मिक अनुष्ठान का समापन 30 अक्टूबर को विशाल महाभंडारे और पूर्णाहुति के साथ होगा।

प्रभु श्रीराम हनुमान मानव सेवा समिति और करैरा क्षेत्रवासियों द्वारा इस विशाल आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी गई हैं। शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कथा के मुख्य यजमान एवं ब्राह्मण समाज करैरा से जुड़े पं. राजेश दुबे भोला महाराज ने बताया कि यह करैरा वासियों का सौभाग्य है कि पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री दूसरी बार यहां कथा सुनाने आ रहे हैं। इससे पहले भी उनके आगमन पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा था। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से इस भव्य श्रीराम कथा, महायज्ञ और दिव्य दरबार में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments