SHIVPURI NEWS - एक साल पहले झांकी देखकर लौटे विवेक के घर चोरी करने वाला विन्नी मोगिया 200 ग्राम चांदी के साथ गिरफ्तार

शिवपुरी। जिला मुख्यालय के थाना फिजिकल पुलिस ने एक साल पुरानी चोरी की वारदात का सनसनीखेज खुलासा किया है। गणेश उत्सव के दौरान नरेंद्र नगर में हुई इस चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी विन्नी मोगिया को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 200 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।

​क्या था पूरा मामला?
दिनांक 6 सितंबर 2025 को नरेंद्र नगर निवासी 34 वर्षीय विवेक राठौर पिता स्व. गंगाराम राठौर ने थाना फिजिकल में एफआईआर दर्ज कराई थी। विवेक ने बताया था कि वह गणेश उत्सव की झांकियां देखकर देर रात करीब 1:00 बजे घर लौटा और पूरा परिवार सो गया। रात करीब 3:00 बजे जब वह बाथरूम के लिए उठे, तो देखा कि कोई अज्ञात चोर किचन की खिड़की तोड़कर घर में दाखिल हुआ और अलमारी में रखे आभूषण समेट ले गया। शातिर चोरों ने भागते समय घर के अन्य कमरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए थे। शिकायत पर पुलिस ने धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया था। 

फिजीकल थाना पुलिस ने 28 सितंबर 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी विन्नी (23 वर्ष) पुत्र नरेश मोगिया, निवासी ग्राम सेवड़ा थाना सुभाषपुरा को हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर विवेक राठौर के घर चोरी की बात कबूल कर ली। आरोपी के पास से 200 ग्राम चांदी के जेवर जब्त किए गए हैं। शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर दिया गया है। 

पुलिस अब विन्नी के अन्य फरार साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस चोरी का पर्दाफाश करने और आरोपी को दबोचने में थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक बजरंग सिंह जादौन, प्रधान आरक्षक अमित कुमार और आरक्षक पुष्पेंद्र रावत, अजय यादव की महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका रही।


Post a Comment

0 Comments