शिवपुरी। खबर जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र से है जहां गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अकाझिरी और गुरुकुदवाया गांव के बीच बहती नदी में एक इंसान के शरीर का निचला हिस्सा तैरता हुआ देखा गया। नदी में क्षत-विक्षत हालत में कमर से नीचे का धड़ मिलने की खबर फैलते ही आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों की सूचना के तुरंत बाद रन्नौद थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने अवशेषों को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अवशेषों की हालत इतनी खराब है कि प्राथमिक दृष्टि में यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि मृतक महिला है या पुरुष।
पुलिस के अनुसार, नदी से केवल कमर से नीचे का हिस्सा (दोनों पैर और पेल्विक हिस्सा) ही बरामद हुआ है। पेट, ऊपर का धड़ और सिर मौके से पूरी तरह गायब हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीमों ने नदी के प्रवाह क्षेत्र और आसपास के जंगलों व झाड़ियों में शव के बाकी हिस्सों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रारंभिक पड़ताल में यह आशंका जताई जा रही है कि नदी में मौजूद किसी मगरमच्छ ने शव के ऊपरी हिस्से को अपना शिकार बना लिया हो। हालांकि, पुलिस इस थ्योरी की पुष्टि करने से बच रही है। रन्नौद पुलिस हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नियत से शव के टुकड़े कर नदी में फेंकने, किसी दुर्घटना या जंगली जानवर के हमले सहित सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शिवपुरी और आसपास के जिलों के सभी थानों को सूचित कर दिया है। पिछले कुछ दिनों में रन्नौद और नजदीकी गांवों से गायब हुए लोगों का रिकॉर्ड और गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है

0 Comments